अजीम प्रेमजी फाउंडेशन का छात्रवृत्ति कार्यक्रम श्री धनराजजी श्री चंदजी बदामिया कॉलेज ऑफ प्रोफेशनल स्ट्डीज, वरकाणा में आयोजित📅 20 सितम्बर 2025, पाली

रानी। शिक्षा के क्षेत्र में अवसरों को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों को विभिन्न योजनाओं से अवगत कराने के उद्देश्य से अजीम प्रेमजी फाउंडेशन द्वारा शनिवार को श्री धनराजजी कॉलेज में छात्रवृत्ति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कॉलेज के छात्रवृत्ति कॉर्डिनेटर जगदीश डाबी और जय प्रकाश मिश्रा ने विद्यार्थियों को विस्तार से छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी दी और आवेदन की प्रक्रिया को सरल भाषा में समझाया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सचेंद्र बोहरा ने विद्यार्थियों को जागरूक करते हुए कहा कि छात्रवृत्ति योजनाएँ शिक्षा प्राप्ति का सुनहरा अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे समय पर आवेदन कर इन योजनाओं का लाभ उठाएँ और अपने भविष्य को मजबूत बनाएँ।

इस मौके पर व्याख्याता दिनेश सिंह ने राजस्थान सरकार और केंद्र सरकार की विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग और ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया और उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे। विद्यार्थियों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन उन्हें मार्गदर्शन प्रदान करते हैं और उनके शिक्षा जीवन में नई दिशा देने का काम करते हैं।

अंत में संस्था की श्रीमती अमिता भंडारी और श्रीमान दिनेश चौधरी ने सभी अतिथियों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।