एनएसएस का अभिनव पर्यावरण अभियान: 201 विद्यार्थियों ने बनाया ‘201’ का मानवीय स्वरूप, लगाए 51 अशोक के पौधे

एनएसएस का अभिनव पर्यावरण अभियान

वरकाणा। श्री धनराजजी श्रीचंदजी बदामिया कॉलेज ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज, वरकाणा में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के सहयोग से नवीन शैक्षणिक सत्र के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं संस्थागत मूल्यों को समर्पित एक अभिनव कार्यक्रम आयोजित किया गया। श्री पार्श्वनाथ जैन विद्यालय के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित इस विशेष अभियान के अंतर्गत महाविद्यालय परिसर में 51 अशोक के पौधों का पौधरोपण किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण 201 नवप्रवेशित विद्यार्थियों द्वारा महाविद्यालय परिसर में ‘201’ का मानवीय स्वरूप (Human Formation) बनाना रहा। विद्यार्थियों ने इस रचनात्मक प्रस्तुति के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, हरित परिसर निर्माण तथा संस्था के शताब्दी वर्ष के प्रति अपनी सहभागिता एवं प्रतिबद्धता का प्रभावी संदेश दिया।

महाविद्यालय के प्राचार्य के मार्गदर्शन एवं एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी श्री चेतन कुमार जानी के निर्देशन में आयोजित इस अभियान के दौरान 51 अशोक के पौधे रोपित किए गए। इस अवसर पर संस्था प्रबंधक श्री बाबूलाल बी. मंडलेशा, श्री भरत ए. परमार एवं प्रशासक श्री दिनेश चौधरी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान की सराहना की तथा इसे शताब्दी वर्ष की प्रेरणादायी पहल बताया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। सभी ने रोपित पौधों की नियमित देखभाल, संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया। महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार यह अभियान विद्यार्थियों में पर्यावरणीय चेतना, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने के साथ-साथ श्री पार्श्वनाथ जैन विद्यालय के शताब्दी वर्ष को स्मरणीय बनाने की दिशा में एक प्रेरणादायी एवं सार्थक पहल है।